दो बार की बैठक में नतीजा शून्य,पीड़ित परिवार चाहता है PM आवास मिले - rashtrmat.com

दो बार की बैठक में नतीजा शून्य,पीड़ित परिवार चाहता है PM आवास मिले

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। नगर के वार्ड क्रमांक 23 स्थित पावर हाउस परिसर में वर्षों से रह रहे झुग्गी.झोपड़ी एवं कच्चे पक्के मकानों के रहवासियों की समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है।जबकि प्रशासन की नोटिस पर दो बार बैठक हो चुकी है। पीड़ित परिवार चाहता है कि सभी को पीएम आवास उपलब्ध कराया जाए या फिर कहीं भूखंड दी जाए ताकि पीड़ित परिवार रह सके।
पुनर्वास चाहता है पीड़ित परिवार
नवीन तहसील कार्यालय एवं अन्य शासकीय भवन निर्माण के लिए क्षेत्र खाली कराया जा रहा है।वहीं प्रभावित परिवार अपने पुनर्वास की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं।वार्ड क्रमांक 23 के लोगों ने कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। प्रभावित परिवार पुनर्वास चाहता है।
दो दफा नोटिस पर बैठक में नतीजा शून्य
इस मामले पर तहसील कार्यालय से 13 जुलाई को बैठक के लिए नोटिस जारी किया गया था। रहवासियों का आरोप है कि वे तय समय पर बैठक में शामिल हुए और अधिकारियों से चर्चा भी की। लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इतना ही नहीं बाद में जारी किए गए नोटिस में उन्हें अनुपस्थित दर्शाते हुए 17 जुलाई को फिर से बुला लिया गया। 17 जुलाई को हुई बैठक में भी कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया।
पीएम आवास की मांग
प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें निःशुल्क प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए जाएं या फिर आवास निर्माण के लिए भूखंड आवंटित किया जाए।दो बार की नोटिस की बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला।