कांग्रेस ने शिवराज का पुतला फूंका, कहा खाद लेने की ई टोकन व्यवस्था बेकार - rashtrmat.com

कांग्रेस ने शिवराज का पुतला फूंका, कहा खाद लेने की ई टोकन व्यवस्था बेकार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में खाद के बढ़ते दामों, ई-टोकन व्यवस्था में आ रही दिक्कतों और विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा न करने के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि मंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से हनुमान चौक तक एक विरोध रैली निकाली और केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अन्नदाताओं पर आर्थिक बोझ डाल दिया

किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भुरू पटेल ने केंद्र सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसान लगातार परेशान हैं।   सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि खाद के लिए लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानी हो रही है। सर्वर डाउन होने की वजह से किसानों को खाद के लिए कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके साथ ही ऐन फसल के सीजन में खाद के दाम बढ़ाकर सरकार ने अन्नदाताओं पर आर्थिक बोझ डाल दिया है।

‘मोदी गारंटी’ के वादों से मुकर रही सरकार

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्याम पंजवानी और भुरू पटेल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भाजपा ने ‘मोदी गारंटी’ के तहत गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए और धान का 3100 रुपए प्रति क्विंटल करने का वादा किया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन सरकार बनते ही वे अपने वादों से मुकर गए।हम किसानों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *