प्रदेश में अराजक वातवरण है,अपराधियों के हौसले BJP राज में बढ़ रहेःकांग्रेस - rashtrmat.com

प्रदेश में अराजक वातवरण है,अपराधियों के हौसले BJP राज में बढ़ रहेःकांग्रेस

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कांग्रेस के जिला संगठन सचिव रवि तिवारी ने कहा कि प्रदेश का वातावरण अराजक हो गया है। केवल रीवा ही नहीं पूरे प्रदेश में अपराधियो का दबदबा है। रेत माफिया,शराब माफिया,खनिज माफिया के हौसले दिनों दिन बढ़ रहे है। अपराधियों को कानून का जरा भी भय नहीं। पुलिस अफसरों तक की जान ले रहे हैं और प्रदेश के मुखिया बंशी बजा रहे हैं।एसपी को कांग्रेस प्रदेश में बढ़ते अपराध के खिलाफ ज्ञापन देने के दौरान यह बात कही।
टीआई के हत्यारे को फांसी देने की मांग
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकत्र्ता नारे लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे। टीआई के हत्यारे को फांसी देने की मांग की। इनका ज्ञापन एसपी ने लिया।जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और माफियाओं की सक्रियता को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन में देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
शराब माफियाओं के हौसले  बढ़ रहे हैं
कांग्रेसियों का आरोप है कि  प्रदेश में रेत, खनिज और शराब माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। रीवा जिले में भी चोरी, लूट, डकैती और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं में वृद्धि हो रही है। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री और अन्य प्रदेशों से नशीली दवाओं एवं कफ सिरप की खेप पहुंचने पर चिंता जताई गई।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
शहर के व्यस्ततम शिल्पी प्लाजा क्षेत्र में हाल ही में हुई लाखों रुपये की चोरी का हवाला देते हुए बाजारों और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। ज्ञापन में रेत, खनिज और शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई, नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक, अवैध शराब की बिक्री बंद कराने और शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रखी गई।
ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई
इसके अलावा हांका अभियान चलाने, साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन प्रस्तुत करने वालों ने प्रशासन से जिले की कानून व्यवस्था सुधारने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *