राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 130 माॅडिफाइड साइलेंसरों पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर एक विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को ध्वनि प्रदूषण रोकने का संदेश दिया।

माॅडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ अभियान
यातायात थाना प्रभारी अनिमा शर्मा और सूबेदार अखिलेश कुशवाह ने बताया कि शहर में लगातार ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिनमें अवैध रूप से माॅडिफाइड साइलेंसर लगाए गए हैं। जांच के दौरान जब्त किए गए करीब 130 साइलेंसरों को शनिवार को रोड रोलर चलाकर नष्ट किया गया। ऐसा इसलिए किया गया ताकि लोगों को लगे कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
ध्वनि प्रदूषण न फैलाएं
इस अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि हम आम जनता के बीच नो नाइज पाल्यूशनश का संदेश देना चाहते हैं।ध्वनि प्रदूषण से लोग बचें।बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों से निकलने वाली तेज और पटाखों जैसी आवाजें आम नागरिकों, बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। लगातार तेज शोर से मानसिक तनाव सुनने की क्षमता पर असर और हृदय संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
माॅडिफाइड सालेंसर से बचें
माॅडिफाइड साइलेंसर जब्त करने के साथ वाहन मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई है और नियमानुसार जुर्माना वसूला गया है। रीवा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध माॅडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें।