मजदूरों के 70 हजार चुराने वाला पकड़ाया - rashtrmat.com

मजदूरों के 70 हजार चुराने वाला पकड़ाया

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट बस स्टैंड पर मजदूरों के 70 हजार की चोरी होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी परवेज उर्फ परवेश शेंडे को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने इसे जेल भेज दिया है।इस वारदात में शामिल उसका एक साथी अभी भी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।चोरों ने पहले मजदूरों से दोस्ती की, उन्हें शराब पिलाई और फिर उनके सो जाने के बाद वारदात को अंजाम दिया।

बदमाशों ने जेब से नकदी पार कर दी
पुलिस के अनुसार, 14-15 जुलाई की दरम्यानी रात मंडला जिले के मोतीनाला निवासी सोन सिंह विश्वकर्मा मजदूरी कर घर लौट रहे थे। बालाघाट बस स्टैंड में बस की प्रतीक्षा के दौरान अज्ञात बदमाशों ने उनकी जेब से नकदी पार कर दी। शिकायत पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने परवेस शेंडे (38), निवासी सागौन वन बूढ़ी, बालाघाट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी से 16,500 बरामद किए गए हैं।

सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बताया कि फरियादी शराब के नशे में बस स्टैंड पर सो गया था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने चोरी की। उन्होंने यात्रियों से सफर के दौरान शराब से दूर रहने और सतर्क रहने की अपील की। फरार आरोपी की तलाश और शेष रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।