राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट पुलिस ने पिछले साल सितंबर में कोतवाली थाना इलाके में हुई 12.57 लाख रुपये लाखों रुपए की चोरी के मामले में साउथ इंडिया के शातिर ‘शेट्टी गैंग’ से जुड़े आरोपी वेंकटेशन पिता रंगनाथन को 10 महीने बाद हैदराबाद से गिरफ्तार किया है।जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है। आरोपियों ने चोरी के जेवर हैदराबाद में बेचकर मिली रकम से वाहन खरीदे और शेष राशि आपस में बांट ली थी। पुलिस अब चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया
पुलिस के अनुसार, प्रभुत्तम नगर निवासी आकाश बिसेन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 से 20 सितंबर 2025 के बीच वह परिवार सहित घर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का ताला तोडक़र घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, 57 हजार रुपये नकद सहित कुल लगभग 12.57 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 563/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का बारीकी से परीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस अंतर्राज्यीय चोर गिरोह तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने वेंकटेशन, निवासी तिरूवरूर (तमिलनाडु), हाल मुकाम हैदराबाद तथा प्रभु सानिपति, निवासी चंद्रपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया।

पहले सूने मकान की रेकी की
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने फरार साथी राकेश सानिपति के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले सूने मकान की रेकी की और फिर सुनसान समय का फायदा उठाकर ताला तोडक़र घर में प्रवेश किया। घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर वे बालाघाट से फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के आभूषण हैदराबाद के विभिन्न स्थानों पर बेच दिए गए। बिक्री से प्राप्त रकम से आरोपियों ने वाहन खरीदे और शेष राशि आपस में बांट ली।
राकेश सानिपति की तलाश जारी
आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई संपत्ति और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने की कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी राकेश सानिपति की तलाश जारी है तथा चोरी की शेष संपत्ति बरामद करने के लिए विभिन्न राज्यों में कार्रवाई की जा रही है।