कबाड़ खरीदने के बहाने रेकी करते फिर शासकीय दुकान में करते थे चोरी - rashtrmat.com

कबाड़ खरीदने के बहाने रेकी करते फिर शासकीय दुकान में करते थे चोरी

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में पिछले डेढ़ माह से शासकीय उचित मूल्य दुकानों में लगातार हो रही चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार लोग पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 250 क्विंटल शासकीय खाद्यान्न गेहूं एवं चावल घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा मोटरसाइकिल बरामद किया। पुलिस ने चोरी गए खाद्यान्न की शत.प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।


गिरोहों ने 13 दुकानों में चोरी की
थाना गढ़ी, बैहर, बिरसा और मलाजखंड क्षेत्र की राशन दुकानों में बीते एक से डेढ़ माह के दौरान कुल 13 चोरी की वारदातें हुई। चोरों ने घुईटोला, जत्ता, मजगांव,डुडगांव,करेली खुर्सीपार, टिंगीपुर, पल्हेरा, परसाही और सुरवाही स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों के शटर चैनल गेट और ताले तोड़कर बड़ी मात्रा में गेहूं और चावल चोरी किया था।
नाकेंबंदी में धरे गए चोर
लगातार हो रही घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालाघाट ने विशेष जांच दल का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने थाना मलाजखंड क्षेत्र के पल्हेरा में हुई चोरी के बाद संभावित मार्गों पर नाकाबंदी की। इसी दौरान बछेरा पाठ.भोरा जंगल मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को घेराबंदी कर रोका गया और उसमें सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।


कवर्धा,मंडला में भी पूछताछ करेगी पुलिस
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कबाड़ बेचने के बहाने ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर दिन में राशन दुकानों की रेकी करते थे और रात में सुनसान एवं सीसीटीवी रहित दुकानों को निशाना बनाते थे।गिरफ्तार आरोपियों में सानू मंसूरी एवं रज्जन वर्मा निवासी कवर्धा छत्तीसगढ़द्ध तथा सद्दाम शाह एवं रिजवान शाह निवासी जालौन उत्तर प्रदेश शामिल हैं। सभी आरोपियों को पुलिस ने दस दिन का रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को अन्य चोरी की घटनाओं के भी खुलासे की उम्मीद है।वही अन्य घटनाओं को लेकर अब मंडला और छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले की पुलिस भी पूछताछ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *