राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र के कुलपा गांव में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग दंपत्ति के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। चार लुटेरों ने लिल्हारे दंपत्ति के घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी लूट ली। घटना स्थल से बंदूक का एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। लांजी थाना क्षेत्र में एक महीने के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है।

गंभीर रूप से घायल कर दिया
पीड़ित बुजुर्ग शत्रुघन ठाकरे और कमला बाई ने बताया कि कुछ लोग पिछले तीन माह से मोबाईल टॉवर लगाने के बहाने पीड़ित दंपत्ति से घर आ रहे है। उनके विभिन्न दस्तावेंज की मांग की गई और मैनेजमेंट की बात भी कही। पीड़ित दंपत्ति ने बताया कि एक माह पूर्व भी दो लोग आये थे और दस्तावेंज मांगे थे। चाय नाश्ता किया और दंपत्ति का विश्वास जीता। इसी बीच 25 जुलाई को पुन: करीब 06 लोग आये और तरह तरह की बाते कहकर अचानक हमला कर दिया। जहां घर के बुजुर्ग शत्रुघन लिल्हारे पर हमला कर दिया और मुंह में लोहे की सरिया डालकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वही उनकी पत्नि कमलाबाई लिल्हारे का गला दबाया और रस्सी से हाथपांव बांधने का प्रयास किया।

ढाई लाख रुपये नकद ले गए
शोर मचाने पर एक लुटेरे ने पत्नी का गला दबाया, जबकि दूसरे ने शत्रुघन के मुंह में लोहे की रॉड डाल दी। विरोध करने पर दंपत्ति के साथ मारपीट भी की गई। लुटेरे घर से जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।शत्रुघन के पुत्र श्यामसुंदर ने आशंका जताई है कि टावर लगाने के बहाने आए लोगों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। लुटेरे लगभग 5 तोला सोना, एक किलो चांदी और ढाई लाख रुपये नकद ले गए हैं।

ग्रामीणों में भय का माहौल
उल्लेखनीय है कि 28 जून की रात भी लांजी में एक सराफा व्यापारी कपिल आसटकर से लूट की वारदात हुई थी। दुकान बंद कर घर लौट रहे आसटकर से मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने 8 से 9 लाख रुपये कीमत के जेवरात से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले के आरोपी भी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इन लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।