राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के बाद फरार चल रहे आरोपी राम सिंह निवासी ग्राम सोनवर्षा लालगांव थाना गढ़ को समान थाना पुलिस ने गुजरात के सूरत शहर से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद रीवा लेकर आई है। अब उससे पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
घटना के बाद से आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने जून माह में समान थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि राम सिंह ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
आरोपी भेजा गया जेल
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गुजरात के सूरत शहर में छिपकर रह रहा है। इसके बाद समान थाना पुलिस की टीम सूरत पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे रीवा लाया गया। आरोपी के साथ कुछ समय तक पीड़िता सूरत में थी। थाना प्रभारी समान आशीष मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर गिरफ्तार कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।