नाली से मिला पेंगोलिन,जंगल में छोड़ा गया। - rashtrmat.com

नाली से मिला पेंगोलिन,जंगल में छोड़ा गया।

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।  बालाघाट के हट्टा परिक्षेत्र के परासपानी गांव में एक नाली से संरक्षित वन्यजीव पेंगोलिन बरामद किया गया। यह घटना वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है, क्योंकि विभाग पर संरक्षित जीव को जंगल में सुरक्षित छोड़ने के प्रोटोकॉल का पालन न करने का आरोप है।ग्रामीणों की सतर्कता, पुलिस की तत्परता और वन विभाग की कार्रवाई से पेंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

नाली से सुरक्षित बाहर निकाला

जानकारी के अनुसार, परासपानी निवासी शक्तिमान चौधरी के पुत्र ऋषभ चौधरी ने रात में नाली में एक वन्यजीव को देखा, जिसे देखकर एक बिल्ली गुर्रा रही थी। ऋषभ ने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेंगोलिन को नाली से सुरक्षित बाहर निकाला।

सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया

पुलिस ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। लगभग डेढ़ से दो घंटे बाद डिप्टी रेंजर और एक चौकीदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संरक्षित वन्यजीव को वनकर्मियों को सौंप दिया। हालांकि, संरक्षित जीव के रिहायशी क्षेत्र में मिलने के बाद उसकी सुरक्षा के लिए एक निर्धारित प्रोटोकॉल है, जिसमें उसकी चिकित्सीय जांच और सुरक्षित तरीके से जंगली क्षेत्र में छोड़ना शामिल है ताकि उसका शिकार न हो सके।हट्टा परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार शेंडे ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत चिकित्सीय परीक्षण के बाद पेंगोलिन को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया है।