परसवाड़ा थाने से 100 मीटर दूर सैलून संचालक का मर्डर, पिता-पुत्र गिरफ्तार - rashtrmat.com

परसवाड़ा थाने से 100 मीटर दूर सैलून संचालक का मर्डर, पिता-पुत्र गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट की परसवाड़ा पुलिस ने सैलून संचालक अनिल गोले की हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी फगलाल ठाकरे और उसके बेटे पंकज ठाकरे को मंगलवार को स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। रविवार को दुकान के पास ईंट हटाने की बात पर हुए विवाद में यह हत्या हुई थी।

  विवाद हो गया, सिर पर मारी ईंट

यह वारदात रविवार को परसवाड़ा थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई थी। दोपहर को सैलून दुकान के पास ईंट रखने को लेकर अनिल गोले का फगलाल और पंकज ठाकरे से विवाद हो गया।बहस बढ़ने पर आरोपी पंकज ठाकरे ने पास में पड़ी एक ईंट उठाकर अनिल गोले के सिर पर दे मारी। इस हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से भारी मात्रा में खून बहने लगा।

नजदीकी अस्पताल लेकर गए

हमले के बाद पुलिस अनिल को लहूलुहान हालत में थाने लेकर पहुंची, जहां उन्हें अचानक चक्कर आ गया और वे गिर पड़े। पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परसवाड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जेल भेज दिया गया

थाने के नजदीक हुई इस वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को तुरंत हिरासत में ले लिया था। पुलिस ने थाने में जरूरी कागजी औपचारिकताएं और पूछताछ पूरी करने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया और मंगलवार को कोर्ट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।