पारदर्शिता और शांतिपूर्ण ढंग से नीट परीक्षा आयोजित कराएं - CM - rashtrmat.com

पारदर्शिता और शांतिपूर्ण ढंग से नीट परीक्षा आयोजित कराएं – CM

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को नीट प्रवेश परीक्षा की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों में सुरक्षा के उचित प्रबंध करें। पूरी पारदर्शिता और शांतिपूर्ण ढंग से नीट परीक्षा संपन्न कराएं। परीक्षा के आयोजन में किसी भी तरह की गड़बड़ी पाए जाने पर उत्तरदायी अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 30 जिला मुख्यालयों के 283 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जा रही है।

अलग वाहन तैनात करें

कलेक्टर्स परीक्षा की निगरानी के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात कर दें। इसकी व्यवस्थाओं में समन्वय के लिए कंट्रोल रूम बनाएं। इसके पेपर बैंक में सुरक्षित रखे गए हैं। बैंक से कड़ी सुरक्षा के बीच पेपर परीक्षा केन्द्र तक ले जाने की व्यवस्था करें। हर परीक्षा केन्द्र के लिए अलग वाहन तैनात करें।

पानी, नाश्ता  की भी व्यवस्था कराएं
वीडियो कान्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा केन्द्र में विद्यार्थियों को सुबह 11 बजे से बुलाया गया है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केन्द्र में दोपहर 1.30 बजे तक विद्यार्थियों को प्रवेश की अनुमति रहेगी। विद्यार्थियों के लिए पानी, नाश्ता आदि की भी व्यवस्था परीक्षा केन्द्र में कराएं। विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक आएंगे। उनके बैठने की भी समुचित व्यवस्था करें। इस परीक्षा में बड़ी संख्या में बेटियाँ शामिल होती हैं। प्रत्येक केन्द्र में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रखें।बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुपम राजन ने बताया कि सभी परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी कैमरेलगाए गए हैं। इनमें 20 जून तक जैमर भी लगा दिए जाएंगे। नीट परीक्षा 21 जून को आयोजित की जा रही है।