अटल आवास का बदला चेहरा: गरीबों के आशियाने पर अवैध कब्जे - rashtrmat.com

अटल आवास का बदला चेहरा: गरीबों के आशियाने पर अवैध कब्जे

 राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए अटल आवास आज अपने मूल स्वरूप से काफी दूर नजर आ रहे हैं। कॉलोनी में कई आवासों का विस्तार कर उन्हें बड़े मकानों में तब्दील कर दिया गया है। कहीं अतिरिक्त कमरे जोड़ दिए गए हैं, तो कहीं शेड, पार्किंग और पक्के निर्माण कर सरकारी भूमि तक का उपयोग किए जाने के आरोप लग रहे हैं।  कमरे के मकान बने 2BHK-3BHK, महंगे एसी और पक्के विस्तार ने खड़े किए सवाल।
बड़े पैमाने पर निर्माण
मौके पर ली गई तस्वीरों में कई मकान अपने मूल डिजाइन से अलग दिखाई दे रहे हैं। कुछ आवासों में बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य, लोहे के शेड, निजी पार्किंग और आधुनिक सुविधाएं दिखाई दे रही हैं। वहीं कुछ मकानों में महंगे एयर कंडीशनर लगे होने से भी यह सवाल उठ रहा है कि क्या ये वही आवास हैं जो गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बनाए गए थे।
विकास कार्यों का भी होने लगा विरोध
स्थिति अब ऐसी बताई जा रही है कि अटल आवास परिसर में नाली निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण और अन्य सरकारी विकास कार्यों का भी विरोध होने लगा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण और कब्जे की वजह से कई बार सरकारी योजनाओं को लागू करने में मुश्किलें आती हैं। इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और प्रशासन भी कई मामलों में असहाय नजर आ रहा है।
सफाई व्यवस्था भी बदहाल
कॉलोनी के कई हिस्सों में कचरे के ढेर, शराब की खाली बोतलें और गंदगी भी दिखाई दे रही है। इससे साफ-सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नियमित निगरानी और साफ-सफाई के अभाव में कॉलोनी की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
जांच की उठी मांग
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अटल आवास कॉलोनी का सर्वे कराया जाए, पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया जाए तथा अवैध कब्जों और नियम विरुद्ध निर्माण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि गरीबों के लिए बनी योजना का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *