राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कहते हैं कि एक पिता अपनी बेटी की हर तकलीफ अपने हिस्से में लेना चाहता है। बेटी की आँखों में आँसू देखना किसी भी पिता के लिए सबसे बड़ा दर्द होता है। लेकिन वारासिवनी में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहाँ बेटी को दुखों से मुक्त कराने की कोशिश में एक पिता ने ऐसा रास्ता चुन लिया, जिसने उसकी बेटी की पूरी जिंदगी ही उजाड़ दी।

नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता
पुलिस अनुसार, वारासिवनी थाना पुलिस ने ग्राम कोपे और डोंगरिया के बीच जंगल में हुई अंधी हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के ससुर राजेश चौहान उर्फ बाबा (62 वर्ष) और उसके साथी प्रभुदयाल बिसेन (44 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, फोरेंसिक जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर महज 72 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया गया। राजेन्द्र शराब के नशे में वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता, घर में विवाद करता और परिवार को प्रताडि़त करता था। बताया गया कि उसने शराब की लत पूरी करने के लिए अपनी कृषि भूमि तक बेच दी थी। आर्थिक संकट और घरेलू हिंसा के कारण पत्नी का जीवन बेहद कठिन हो गया था।
13 वर्ष पहले हुआ था विवाह…
मृतक राजेन्द्र शरणागत (40 वर्ष) की शादी लगभग 13 वर्ष पहले रानी शरणागत से हुई थी। उनके परिवार में 10 वर्षीय बेटा और 6 वर्षीय बेटी हैं। शुरुआती वर्षों में परिवार सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे शराब की लत ने राजेन्द्र की जिंदगी ही नहीं, पूरे परिवार की खुशियाँ निगल लीं। जांच में सामने आया कि जब भी राजेन्द्र शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता, उसकी पत्नी अपने पिता राजेश चौहान को इसकी जानकारी देती थी। हर बार बेटी की तकलीफ सुनकर पिता बेचैन हो उठता था। यहीं से एक ऐसी साजिश ने जन्म लिया, जिसने पूरे परिवार का भविष्य बदल दिया।
एक लाख रुपए उधार ले रखे थे
पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। साथ ही, उसने अपने ससुर राजेश चौहान से करीब एक लाख रुपए उधार ले रखे थे, जिसे वह लगातार वापस मांग रहा था। इन दोनों बातों से परेशान होकर ससुर राजेश ने अपने दोस्त प्रभुदयाल के साथ मिलकर दामाद को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
शराब पी और मीट खाया
तय प्लान के मुताबिक, 13 जुलाई को राजेश और प्रभुदयाल, राजेंद्र को शराब पिलाने के बहाने एक ढाबे पर ले गए। वहां से उन्होंने मीट और शराब पैक कराई और कोपे समेत डोंगरिया के जंगल के बीच पहुंच गए। जंगल में तीनों ने बैठकर फिर से शराब पी और मीट खाया।
राजेंद्र के गले को गमछे से कस दिया
इसी बीच, राजेंद्र का अपने ससुर से पत्नी के साथ मारपीट और उधार के पैसों को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि राजेश ने अपने दोस्त प्रभुदयाल के साथ मिलकर राजेंद्र के गले को गमछे से कस दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दामाद की जान लेने के बाद दोनों आरोपी उसकी लाश को वहीं जंगल में छोड़कर भाग निकले।
मर्डर केस का खुलासा कर दिया
एसडीओपी विवेक सिंह ने बताया कि राजेंद्र की पत्नी हमेशा अपने पिता राजेश को बताती थी कि राजेंद्र शराब के नशे में उसे बहुत मारता-पीटता है। इसके अलावा, राजेंद्र ने हाल ही में अपनी खुद की जमीन लाखों रुपए में बेची थी, जिसमें से उसने करीब एक लाख रुपए राजेश को उधार दिए थे। राजेंद्र लगातार ससुर राजेश पर वे पैसे वापस करने का दबाव बना रहा था।बेटी की पिटाई और पैसे वापस मांगने की जिद से गुस्साए ससुर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दामाद की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़कर इस अनसुलझे मर्डर केस का खुलासा कर दिया है।