MP से भाजपा के तरुण, रजनीश और महेश निर्विरोध निर्वाचित - rashtrmat.com

MP से भाजपा के तरुण, रजनीश और महेश निर्विरोध निर्वाचित

राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश कांग्रेस की राज्य सभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त होने से सियासी समीकरण बदल गए। बीजेपी से दो व्यक्ति का राज्य सभा जाना तय था। तीसरे की संभावना कम थी। लेकिन अब बीजेपी के तीनों प्रत्याशी निर्विरोध राज्य सभा पहुंच गए। कल सुप्रीम कोर्ट में मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को लेकर सुनवाई है। लेकिन ऐसा नहीं लगता कि मीनाक्षी नटराजन के पक्ष में कोई फैसला होगा।

निर्वाचन की औपचारिक घोषणा

मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी राजनीतिक सफलता हासिल की है। गुरुवार को भाजपा के तीनों उम्मीदवार तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। विधानसभा परिसर में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने तीनों नेताओं को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपकर उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।

रिटर्निंग अफसर ने भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपे।

नहीं आई मतदान की नौबत

गुरुवार को अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद चुनाव मैदान में केवल तीन उम्मीदवार ही शेष बचे थे, जबकि रिक्त सीटों की संख्या भी तीन थी। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदान की आवश्यकता नहीं रही और तीनों उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

चुनाव का पूरा परिदृश्य बदल गया

दरअसल मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए हो रहे चुनाव का पूरा परिदृश्य उस समय बदल गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र जांच प्रक्रिया के दौरान निरस्त कर दिया गया। इसके बाद भाजपा के तीनों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही थी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होते ही यह औपचारिक रूप से स्पष्ट हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *