राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र के अगासी निवासी 22 वर्षीय भरतलाल पिता केशोराव नेवारे की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल से रामपायली परिजनों को लेने जा रहा था। इसी दौरान खड़कपुर के आगे जंगल क्षेत्र में उसका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अचानक एक सुअर सामने आ गया
पड़ोसी रवि पटले के अनुसार, भरतलाल मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। रास्ते में खड़कपुर के आगे जंगल में अचानक एक सुअर सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे लोहे के पोल से टकरा गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से भरतलाल को वारासिवनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोंदिया रेफर किया गया। गोंदिया ले जाने से पहले उसे बालाघाट जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले को जांच में लिया
अस्पताल चौकी पुलिस ने सूचना मिलने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस करेगी।