वन भूमि को निजी बताकर धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं पेंड़ - rashtrmat.com

वन भूमि को निजी बताकर धड़ल्ले से काटे जा रहे हैं पेंड़

राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। नगर पालिका परिषद बीजापुर के वार्ड क्रमांक-15 के पार्षद ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वन भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण एवं अवैध वृक्ष कटाई की शिकायत की है। शिकायत में ग्राम बैदरगुड़ा क्षेत्र में जंगल भूमि को निजी भूमि बताकर बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई किए जाने का आरोप लगाया गया है।

आरी मशीन से पेड़ों की कटाई

ज्ञापन के अनुसार, राजू विश्वकर्मा द्वारा खसरा क्रमांक 562/5 को अपनी पैतृक भूमि बताते हुए जंगल क्षेत्र में आरी मशीन से पेड़ों की कटाई कराई जा रही है। इस मामले को लेकर 31 मई 2026 को ग्राम बैदरगुड़ा में बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें वन विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया था।
निष्पक्ष जांच की मांग
शिकायत में कहा गया है कि ग्रामीणों और गांव के बुजुर्गों का दावा है कि संबंधित भूमि पर कभी खेती नहीं हुई और वह वन क्षेत्र का हिस्सा है। वहीं संबंधित पक्ष द्वारा भूमि को निजी बताते हुए पूर्व में खेती किए जाने का दावा किया गया है। ऐसे में वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
अतिक्रमण की आशंका
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि राजस्व एवं वन विभाग की मौजूदगी में निरीक्षण के दौरान खसरा क्रमांक 1263 को संबंधित पक्ष द्वारा अपना क्षेत्र बताया गया, जबकि वह पूरी तरह वन भूमि है। वहीं खसरा क्रमांक 561/1 किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज भूमि बताई गई है, जहां अतिक्रमण की आशंका जताई गई है।
जुर्माना वसूलने की मांग
पार्षद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध वृक्ष कटाई पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई, क्षतिपूर्ति एवं जुर्माना वसूलने तथा वन भूमि पर संभावित अतिक्रमण रोकने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि वनमंडल अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार को भी भेजी गई है।