राष्ट्रमत न्यूज,गाजियाबाद(ब्यूरो)। गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की भीमनगर कॉलोनी में दो बेटों ने मिलकर माता-पिता को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक, माता-पिता ने आपस में शराब पीकर झगड़ रहे दोनों बेटों को समझाने का प्रयास किया। इसी बात से नाराज होकर वह माता-पिता से भिड़ गए। इस मामले में बहन ने भाइयों के खिलाफ हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपी ललित और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। मृतकों की पहचान गंगाशरण (55) व उनकी पत्नी विमलेश (50) के रूप में हुई है। गंगाशरण पत्र वितरक के साथ डेयरी भी चलाते थे।

शराब पीने की पुष्टि हुई
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में ले लिया जबकि, घायल मां-पिता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनको चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोट लगी हुई थी। दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, उसमें भी शराब पीने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर दोनों की मौत का सही कारण सामने आएगा।

भजन-कीर्तन की गूंज थी
गाजियाबाद में सुबह से जिस घर में बेटे की लंबी उम्र की कामना के लिए भजन-कीर्तन की गूंज थी, उसी घर में रात होते-होते चीख-पुकार मच गई। माता-पिता ने जिस बेटे के माथे पर प्यार से हाथ रखकर उसकी खुशहाली की दुआ मांगी थी, उसी बेटे पर अब उनके कत्ल का आरोप है।
बेटे ललित का जन्मदिन मनाया था
भीमनगर कॉलोनी की यह घटना रिश्तों के टूटने की ऐसी कहानी बन गई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 20 जुलाई को गंगाशरण और विमलेश ने बड़े बेटे ललित का जन्मदिन मनाया था। बेटे की जिंदगी खुशियों से भरी रहे, इसके लिए घर में कीर्तन कराया गया। माता-पिता ने हमेशा की तरह बेटे की सलामती और अच्छे भविष्य की कामना की। उन्हें क्या पता था कि जिस बेटे के लिए वे भगवान से दुआ कर रहे हैं, वही कुछ घंटों बाद उनके जीवन का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा।

मकान नाम करने का दबाव बनाते थे
ज्योति के मुताबिक, ललित और दीपक दोनों शादीशुदा हैं, लेकिन शराब की लत व गलत आचरण के कारण उनकी पत्नियां उन्हें छोड़कर जा चुकी हैं। शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था और रिश्तेदारों ने भी आना-जाना कम कर दिया था। ज्योति का यह भी आरोप है कि दोनों भाई अक्सर माता-पिता पर दो मंजिला मकान उनके नाम करने का दबाव बनाते थे।
उन्हें ऐसी दर्दनाक मौत देंगे
मृतक गंगाशरण के साले लेखराज ने कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनके भांजे ही अपने माता-पिता के हत्यारे बन जाएंगे। उन्होंने बताया कि उनकी बहन अहोई अष्टमी का व्रत रखकर बेटों की लंबी उम्र की कामना करती थीं। उन्हें क्या पता था कि जिन बेटों के लिए वह प्रार्थना करती हैं, वही उन्हें ऐसी दर्दनाक मौत देंगे।
