* माओवादी डम्प से 3.84 किलो सोना और 24.22 लाख रुपये नगद बरामद
*जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखा था सोना-नगदी
राष्ट्रमत न्यूज,बीजापुर(ब्यूरो)। माओवादी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से पुलिस ने 3.84 किलोग्राम सोना (330 तोला) और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है।

माओवादी डम्प छिपाकर रखे
यह कार्रवाई डीआरजी, थाना भैरमगढ़ और बीडीएस टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के इन्द्रावती नदी के आसपास जंगल में जमीन के अंदर माओवादी डम्प छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया।

जमीन के अंदर छिपा था करोड़ों का खजाना
तलाशी के दौरान बीडीएस टीम ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे की जांच करने पर उसमें 10-10 तोला के 33 सोने के बिस्किट, कुल 330 तोला यानी 3.84 किलोग्राम सोना मिला। इसके साथ टेप से लिपटे पैकेट में 500 रुपये के नोटों के रूप में 24,22,500 रुपये नगद भी बरामद किए गए।पुलिस के मुताबिक, बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये है। सोना और नगदी जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अब तक 12.34 किलो सोना बरामद
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, DRG, STF, CoBRA और CRPF के संयुक्त प्रयासों से जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्रवाई के दौरान माओवादी डम्प से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नगद और 12.34 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है।माओवादी डम्प से इतनी बड़ी मात्रा में सोना और नगदी बरामद होने के बाद जिले में सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। बीजापुर में माओवादी डम्प के खिलाफ कार्यवाही जारी है।