कटंगी में प्रशासन ने रुकवाया बाल विवाह - rashtrmat.com

कटंगी में प्रशासन ने रुकवाया बाल विवाह

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए प्रशासन की सतर्कता से कटंगी तहसील में एक बाल विवाह होने से पहले ही रुकवा दिया गया। कटंगी मुख्यालय के समीपस्थ एक ग्राम में 16 वर्ष 7 माह की बालिका का विवाह आयोजित किए जाने की तैयारी थी। समय रहते सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर विवाह आयोजन को स्थगित करवाया और परिजनों को बाल विवाह के कानूनी एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया।

बालिका की उम्र 18 वर्ष से कम है
संबंधित ग्राम में 28 नवंबर को एक विवाह समारोह आयोजित किए जाने की सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग को मिली थी। सूचना में बताया गया था कि विवाह में शामिल होने वाली बालिका की उम्र 18 वर्ष से कम है। मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना अधिकारी पुष्पेंद्र रानाडे के नेतृत्व में पर्यवेक्षक श्रद्धा पटले, संबंधित ग्राम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव एवं अन्य ग्रामीणों की टीम तत्काल विवाह स्थल पर पहुंची। मौके पर अधिकारियों ने बालिका की आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की।

खारिज रिकॉर्ड प्राप्त किया गया

परिजनों द्वारा उम्र के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर ग्राम की प्राथमिक शाला से बालिका का दाखिल-खारिज रिकॉर्ड प्राप्त किया गया। स्कूल के अभिलेख में बालिका की जन्मतिथि 5 अप्रैल 2010 दर्ज पाई गई। इस आधार पर 28 नवंबर 2026 को बालिका की आयु महज 16 वर्ष 7 माह होना सामने आया। इससे स्पष्ट हुआ कि प्रस्तावित विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। अधिकारियों ने परिजनों एवं मौके पर मौजूद ग्रामीणों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका का विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाल विवाह में शामिल होने अथवा इसे संपन्न कराने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। अधिनियम के तहत दो वर्ष तक के कठोर कारावास एवं एक लाख रुपये तक के जुमार्ने का प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *