*डीजे की तेज आवाज का विरोध करना पड़ा भारी, पीड़ित ने थाने में की शिकायत
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बारात के दौरान विवाद और हंगामे का मामला सामने आया है। पीड़ित रामविवारी शर्मा ने पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में आरोप लगाया है कि 27 दिसंबर की रात करीब 11:45 बजे लगभग 200 लोगों की बारात मिलन वाटिका के पास से गुजर रही थी। इस दौरान बारात में शामिल लोग तेज आवाज में डीजे बजाते हुए नारेबाजी कर रहे थे।

जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, जब उन्होंने आवासीय बस्ती में देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने और हंगामा करने का विरोध किया तो बारात में शामिल कुछ लोग कथित तौर पर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस आए। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे। विरोध करने पर गला काटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

हंगामा और तोड़फोड़ करने का आरोप
शिकायत में हमीदिया कॉलोनी के कुछ लोगों पर हंगामा और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने शाहरुख नामक व्यक्ति सहित कुछ लोगों को पहचानने की बात कही है, जबकि अन्य आरोपियों के नाम अज्ञात बताए हैं।पीड़ित ने सिविल लाइन थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।