राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा में आयोजित लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने एनसीसी मैदान में आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने पर भी प्रश्न खड़े किए। बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने बड़े परिश्रम से संविधान बनाया और इसमें सबके कल्याण को शामिल किया। कांग्रेस ने धारा 370 जैसा विभेदकारी धारा इसमें जोड़ी, जिसके कारण जम्मू और कश्मीर में अराजकता और आतंकवाद की आग फैली। प्रधानमंत्री ने धारा 370 को समाप्त करके भेदभाव का कलंक मिटाया।कांग्रेस निर्वाचन आयोग और न्यायाधीशों का मजाक बना रही है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई बार राज्य सरकारों को बर्खास्त करने का पाप किया है।

एक लाख 17 हजार रुपएआय हो गई
मध्यप्रदेश में 2003 में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए सालाना थी जो अब एक लाख 17 हजार रुपए हो गई है। तब बिजली का उत्पादन 5 हजार मेगावाट था जो अब 30 हजार मेगावाट है। स्लीमनाबाद में टनल का कार्य पूरा हो गया है। अब विन्ध्य क्षेत्र में किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा का जल मिलेगा। जल जीवन मिशन से प्रधानमंत्री जी हर घर को नल से साफ पानी पहुंचाने जा रहे हैं। विकास के इन कार्यों से विरोधियों के पेट दुख रहे हैं।

कांग्रेस चुनाव आयोग का मजाक बना रही
कांग्रेस चुनाव आयोग और न्यायाधीशों का मजाक बना रही है। देश के युवाओं और आमजनता को भ्रमित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इनकी पोल खोलने के लिए ही लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा आयोजित की गई है। कांग्रेस न राम को जानती है न शिव को। वह केवल सत्ता को मानती है। उनका जनकल्याण से कुछ लेना-देना नहीं है।

कांग्रेस ने कोई प्रश्न नहीं उठाया
सभा में केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री श्रीमती निमूबेन बांभनिया ने कहा कि हम सब रीवा की पावन धरती पर लोकतंत्र की मजबूती के लिए एकत्रित हुए हैं। कांग्रेस के शासनकाल में 12 में से 10 बार निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया की। तब कांग्रेस ने कोई प्रश्न नहीं उठाया। एसआईआर के बाद भी कई राज्यों में कांग्रेस जीती तब व्यवस्था सही थी। लेकिन जैसे ही कांग्रेस चुनाव हारती है तो एसआईआर और निर्वाचन आयोग पर अनर्गल आरोप लगाने लगती है। हम कांग्रेस का यही दोहरा चरित्र बताने आए हैं। चुनाव आयोग ने एसआईआर में केवल अपात्र लोगों के नाम काटे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है।

जंतर-मंतर में तमाशा किया
कांग्रेस अपनी हार के वास्तविक कारणों से जनता का ध्यान हटाने के लिए कई देश विरोधी और लोकतंत्र विरोधी प्रलाप कर रही है। मतदाता सूची से तीन करोड़ से अधिक घुसपैठियों के नाम काटे गए हैं। इसका विरोध करने के लिए कांग्रेस और अन्य दलों ने जंतर-मंतर में तमाशा किया। यहाँ कई युवाओं ने प्रधानमंत्री जी को अपशब्द कहे। हम सब आज प्रधानमंत्री जी के विकास के कार्यों और लोकतंत्र को समर्थन देने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं ।
विन्ध्य को विकास की कई सौगातें दी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने विन्ध्य को विकास की कई सौगातें दी हैं। बाणसागर बांध की नहरों के निर्माण, रेलवे परियोजना के लिए पर्याप्त राशि, नर्मदा जल के लिए स्लीमनाबाद में टनल का निर्माण सहित विन्ध्य को कई सौगातें मिली हैं। मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश भर में स्वामित्व योजना के 50 लाख से अधिक हितग्राहियों के पट्टे का नि:शुल्क पंजीयन कराया है। आपके दिल में गरीबों के कल्याण और चिंता का जो भाव है उससे सुशासन को बल मिल रहा है। सभा का संचालन जिला भाजपा अध्यक्ष रीवा श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने किया।