*शव बोरी में श्मशान घाट के पास भरकर झाड़ियों में फेंका
*खून से सनी बोरी में मिला शव
राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम सिहोरा में दो दिन से लापता एक वृद्धा का शव बोरी में बंद मिला। खून से लथपथ प्लास्टिक की बोरी ग्राम चिखला के पास घिसर्री नदी किनारे मरघट के पास झाड़ियों में मिली। प्रांरभिक जांच पड़ताल में जेवरों की लूट के इरादे से 82 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या किए जाने की आशंका है।

दो दिन से अचानक लापता
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को बोरी में बंद करके गांव से लगभग 03 किमी दूर श्मशान घाट के पास झाड़ियों में फेंक दिया। दो दिन से अचानक लापता वृद्धा का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई, वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। मृतका की पहचान पार्वतीबाई पति स्वर्गीय सूरज मोहारे निवासी वार्ड नंबर 19 ग्राम सिहोरा के रूप में हुई है। वह अपने बेटे भागूलाल मोहारे के साथ रहती थी।

मोबाइल वृद्धा देकर चला गया
बताया जा रहा है कि 26 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे पार्वतीबाई से बात करने के लिये किसी रिश्तेदार का उनके पड़ोसी सुरेश मोहारे के पास फोन आया था। जहां सुरेश मोहारे ने रिश्तेदार की वृद्धा से फोन पर बात करवाई और मोबाइल वृद्धा देकर चला गया। कुछ देर तक मोबाइल से बात करने के बाद वृद्धा मोबाइल लौटाने सुरेश मोहारे के घर गई थी। लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
शव परिजनों को सौंप दिया गया
इसी बीच 28 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे गांव के श्मशान घाट के पास झाड़ियों में ग्रामीणों को खून से सनी एक बोरी दिखाई दी। जहां संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी की जांच की तो उसके अंदर वृद्धा का शव बरामद हुआ। बाद में मृतका की पहचान लापता पार्वती मोहारे के रूप में की गई। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया, जहां दोपहर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गहनों के लालच में मां की हत्या
मृतका के बेटे भागूलाल मोहारे के अनुसार, उनकी मां के गले में चांदी की सरी, कानों में सोने की बालियां और कानछड़ी, बाजुओं में चांदी के बाजूबंद तथा सोने की गुंडी थी। लेकिन शव मिलने के दौरान ये सभी आभूषण गायब थे। उन्होंने आशंका जताई कि गहनों के लालच में ही उनकी मां की हत्या की गई है। पुलिस को वृद्धा के हाथों में भी कड़े निकालने के दौरान चोट लगने जैसे निशान मिले हैं। इससे आभूषण लूटने के दौरान संघर्ष या जबरदस्ती किए जाने की आशंका जताई जा रही है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि वृद्धा की हत्या करने के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरी में भरकर झाड़ियों में फेंका गया है। नवेगांव ग्रामीण थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मानते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।