केप्री गोल्ड लोन बैंक कांड, FIR दर्ज, महिला फरार - rashtrmat.com

केप्री गोल्ड लोन बैंक कांड, FIR दर्ज, महिला फरार

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। केप्री गोल्ड लोन बैंक की बालाघाट शाखा से जुड़ा कथित धोखाधड़ी का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। बैंक में पदस्थ महिला कर्मचारी दिव्या नगपुरे के विरुद्ध अब तक 17 शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। लाखों रुपये के लेन-देन और सोना गिरवी रखवाने के नाम पर उपभोक्ताओं को कथित रूप से ठगने के आरोपों से जुड़े इस मामले में महिला कर्मचारी अभी भी फरार है। पुलिस  तलाश में जुटी हुई है और अब उसके विरुद्ध इनाम घोषित करने की तैयारी भी की जा रही है।

करीब 17 तोला सोना गिरवी रखवाया
शिकायतकर्ता उमेश ठाकरे निवासी ग्राम लेण्डेझरी ने बताया था कि वह केप्री गोल्ड लोन बैंक का पुराना ग्राहक है। इसी दौरान उसकी बैंक कर्मचारी दिव्या से पहचान हुई। आरोप है कि महिला कर्मचारी ने उसे सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने और बैंक की नीलामी में उपलब्ध सोना दिलाने का भरोसा दिया था।
शिकायत के अनुसार, उमेश ने अलग-अलग समय पर करीब 17 तोला सोना गिरवी रखवाया, जिस पर 17 लाख 45 हजार रुपये का गोल्ड लोन तैयार हुआ। इसके अलावा नीलामी का सोना दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये जमा करने की बात कही गई।

मानसिक रूप से परेशान किया गया

उमेश का आरोप है कि उसने पांच लाख रुपये संबंधित खाते में जमा किए, जिसके बाद शेष रकम जमा करने के लिए दबाव बनाया गया। यहां तक कि पूरी राशि जमा नहीं करने पर पहले जमा किए गए पांच लाख रुपये डूबने की बात कहकर उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। इसी तरह ग्राम बोदा निवासी भैरवसिंह नगपुरे ने भी दिव्या नगपुरे पर आठ तोला सोना लेने के बावजूद रकम नहीं देने का आरोप लगाया है। ऐसे ही अन्य उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आने के बाद मामला लगातार गंभीर होता गया।

फरार महिला कर्मचारी की तलाश
अब इस पूरे प्रकरण में 17 शिकायतें और एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आने से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। विवेचना अधिकारी किरण वाटके ने बताया कि फरार महिला कर्मचारी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। साथ ही उसके विरुद्ध इनाम घोषित करने की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *