पूर्व सांसद मुंजारे के समर्थकों ने घेरा थाना,प्रदर्शनकारियों पर FIR की मांग - rashtrmat.com

पूर्व सांसद मुंजारे के समर्थकों ने घेरा थाना,प्रदर्शनकारियों पर FIR की मांग

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। बालाघाट में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे पर मामला दर्ज होने के बाद शुक्रवार दोपहर उनके समर्थकों ने कोतवाली थाने का घेराव किया। समर्थकों ने पंवार समाज द्वारा पूर्व सांसद के घर के सामने किए गए प्रदर्शन को गैरकानूनी बताते हुए प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

मुंजारे के समर्थन मंे लोधी समाज

लोधी समाज से जुड़े सैकड़ों सामाजिक समर्थकों ने शहर में रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। हाथों में ज्ञापन और नारेबाजी करते हुए समर्थक कोतवाली थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पवार समाज के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पूर्व सांसद के खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की गई है, जबकि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों द्वारा की गई कथित अभद्रता और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को नजर अंदाज किया गया।

CM हेल्पलाइन में  शिकायत दर्ज कराएंगे

समर्थकों ने चेतावनी दी कि यदि पंवार समाज के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181) में शिकायत दर्ज कराएंगे। पुलिस ने समर्थकों का आवेदन स्वीकार कर लिया है।यह पूरा मामला 13 जून को गर्रा ओवरब्रिज के ‘राजाभोज ब्रिज’ नामकरण से जुड़ा है। इस नामकरण को लेकर पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने राजाभोज पर एक टिप्पणी की थी। पुलिस ने इस टिप्पणी को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला मानते हुए मुंजारे के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।

पुलिस लोकतंत्र की हत्या कर रही

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद मुंजारे समर्थक कोतवाली थाने में बैठकर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कुछ समय तक थाने परिसर में हंगामे भरा माहौल बना रहा और पंवार समाज के प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। लेकिन पुलिस ने उनकी कोई बात नही सुनी। जिसके बाद लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने मीडिया के कैमरे में चर्चा करते हुए कहा कि पंवार समाज और पुलिस लोकतंत्र की हत्या कर रही। यह कहकर लोधी समाज थाना परिसर से बेरंग लौट गया।