कर्ज और जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या,आरोपी गिरफ्तार - rashtrmat.com

कर्ज और जमीनी विवाद में बड़े भाई की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। जिले की हट्टा पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के छोटे भाई को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से छोटी.छोटी बातों को लेकर विवाद होता था। जिससे परेशान होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।


गले में निशान मिला
पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 की सुबह सेनानी चैक निवासी कुलदीप उदयपुरे अपने घर के आंगन में मृत अवस्था में मिले थे। उनके गले पर रस्सी या तार से कसाव के निशान पाए गए थे। हट्टा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
छोटा भाई ने जुर्म कुबूल किया
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिजनों, बहन, भांजी और पड़ोसियों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि कुलदीप उदयपुरे और उनके छोटे भाई के बीच आए दिन विवाद होता था। एसडीओपी प्रतीक्षा राठौर ने परिजनों से भावनात्मक रूप से बातचीत कर विश्वास में लिया तब हत्या का राज खुला। पुलिस ने आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
नारियल की रस्सी से गला घोंटा
आरोपी ने बताया कि बड़े भाई द्वारा आए दिन गाली.गलौज करना, उधारी लेना, काम नहीं करना और विवाद करना उसके लिए परेशानी का कारण बन गया था। इसी गुस्से में उसने 15 और 16 जून की दरम्यानी रात शराब के नशे में सो रहे बड़े भाई कुलदीप उदयपुरे का नारियल की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त नारियल की रस्सी भी बरामद कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *