किसान सेवा साख सहकारी समिति में नहीं मिल रही राशि,खाताधारक चाहते हैं कार्रवाई - rashtrmat.com

किसान सेवा साख सहकारी समिति में नहीं मिल रही राशि,खाताधारक चाहते हैं कार्रवाई

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। किसान सेवा साख सहकारी समिति मर्यादित बालाघाट की शाखा पांढरवानी (लालबर्रा) में खाताधारकों की जमा राशि को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद अब समिति के संचालक मंडल के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। खाताधारकों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर कथित आर्थिक अनियमितताओं और राशि के गबन के मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।

जांच की रिपोर्ट सामने आ चुकी है

कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि किसान सेवा साख सहकारी समिति की पांढरवानी (लालबर्रा) शाखा में खाताधारकों की मेहनत की कमाई का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया है। शिकायतकतार्ओं का कहना है कि इस संबंध में कराई गई जांच की रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसमें समिति के संचालक मंडल द्वारा राशि के लेन-देन में गंभीर अनियमितताएं किए जाने की स्थिति स्पष्ट होती दिखाई दे रही है।

राशि लौटाने में आनाकानी
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि खाताधारक अपनी जमा पूंजी वापस मांग रहे हैं, लेकिन समिति के जिम्मेदार पदाधिकारी राशि लौटाने में आनाकानी कर रहे हैं। इससे उन लोगों की परेशानी बढ़ गई है, जिन्होंने भविष्य की जरूरतों और परिवार की आर्थिक सुरक्षा के लिए अपनी मेहनत की कमाई समिति में जमा की थी। खाताधारकों ने कलेक्टर से मांग की है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए। साथ ही समिति के समस्त संचालकों की चल-अचल संपत्तियों के हस्तांतरण पर नियमानुसार रोक लगाने की कार्रवाई की जाए, ताकि खाताधारकों की राशि की वसूली सुनिश्चित हो सके। अब बड़ा सवाल यह है कि जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और खाताधारकों को उनकी जमा पूंजी कब तक वापस मिल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *