राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।युवाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से टीआरएस (TRS) कॉलेज रीवा में आयोजित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है। खासकर डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच युवाओं को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का इस्तेमाल करना चाहिए।

संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें
डॉ. गुरकरन सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। एसपी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं
उन्होंने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूक करना, उनमें जिम्मेदार नागरिक होने का भाव विकसित करना तथा समाज में सुरक्षा, सहयोग और सकारात्मक सहभागिता की संस्कृति को मजबूत बनाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।