गर्रा ओव्हर ब्रिज शनिवार से शुरु,पुराना रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद होगा - rashtrmat.com

गर्रा ओव्हर ब्रिज शनिवार से शुरु,पुराना रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद होगा

 राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट-गर्रा मार्ग पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। बालाघाट-कटंगी रेल सेक्शन पर बनकर तैयार हुआ बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) शनिवार से आम जनता के यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।प्रदेश के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह दोपहर 12:30 बजे गर्रा स्थित रेलवे क्रॉसिंग क्रमांक बीके-9 के पास आयोजित मुख्य कार्यक्रम में इस ओवरब्रिज का विधिवत लोकार्पण करेंगे। नगरपालिका ने इस नवनिर्मित ओवरब्रिज का नाम ‘राजाभोज ओवरब्रिज’ रखा है।

 बंद हो जाएगा पुराना रेलवे फाटक

लोकार्पण से ठीक पहले दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (गोंदिया) के अनुभाग अभियंता ने महत्वपूर्ण जानकारी दी कि 13 जून को दोपहर 12 बजे से रेलवे फाटक क्रमांक बीके-9 को सड़क यातायात के लिए हमेशा (स्थायी) रूप से बंद कर दिया जाएगा।इसके बाद बालाघाट से गर्रा, वारासिवनी और कटंगी मार्ग की ओर आने-जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को इसी नए ओवरब्रिज से होकर गुजरना होगा। शुक्रवार को नपा अध्यक्ष ने जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व नपाध्यक्ष भीम फुलसुंघे के साथ ब्रिज का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

यातायात अधिक सुगम हो जाएगा

ओव्हर ब्रिज शुरू होने से लंबे समय से लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। पहले ट्रेन गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी, जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता था। अब आरओबी बनने से यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज हो जाएगा।
आरओबी निर्माण के दौरान बस, ट्रक एवं अन्य बड़े वाहनों का यातायात डेंजर रोड से डायवर्ट किया गया था। इससे भारी वाहनों को शहर में प्रवेश और बाहर निकलने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। अब रोड ओव्हर ब्रिज शुरू होने के बाद बड़े वाहनों को डेंजर रोड से होकर आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी। बस, ट्रक और अन्य भारी वाहन सीधे रोड ओव्हर ब्रिज के माध्यम से बालाघाट शहर में प्रवेश कर सकेंगे तथा बाहर जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *