कांग्रेस सेवादल ने राष्ट्रपति से की संवैधानिक संस्थाओ की रक्षा की मांग - rashtrmat.com

कांग्रेस सेवादल ने राष्ट्रपति से की संवैधानिक संस्थाओ की रक्षा की मांग

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म निरस्त होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। शुक्रवार को कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष जीतू बर्वे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कौरव को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता बनाए रखने की मांग की।

राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष जीतू बर्वे ने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं का निष्पक्ष रूप से कार्य करना लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन्हीं संस्थाओं पर जनता का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा है।

प्रशासनिक दबाव का आरोप

कांग्रेस संगठन मंत्री शफकत खान ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के पीछे प्रशासनिक स्तर पर दबाव की स्थिति रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासन पर सरकार का प्रभाव दिखाई दे रहा है, जिसके विरोध में यह ज्ञापन दिया गया है।

आंदोलन जारी रखने की बात

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा। पार्टी का कहना है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थाओं की निष्पक्षता के सवाल को लगातार उठाती रहेगी।