जेपी नड्डा से मिला CJP का प्रतिनिधिमंडल,अब प्रदर्शनकारी धरना खत्म करें - rashtrmat.com

जेपी नड्डा से मिला CJP का प्रतिनिधिमंडल,अब प्रदर्शनकारी धरना खत्म करें

 राष्ट्रमत न्यूज,नई दिल्ली (ब्यूरो)।   दिल्ली में नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन के बीच सोमवार को सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का दौर शुरू हुआ। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेड पर रोक दिया। कुछ जगहों पर पुलिस ने बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

बातचीत का प्रस्ताव आया

प्रतिनिधिमंडल में सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका शामिल थे। दोनों ने जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। मुलाकात के बाद जेपी नड्डा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि सोमवार सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया। उन्होंने कहा कि सुबह 11:50 बजे से बातचीत जारी है। सौहार्दपूर्ण माहौल में पहले मौखिक चर्चा हुई और शाम करीब चार बजे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें लिखित याचिका सौंपी। नड्डा ने यह भी कहा कि उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है। दूसरी ओर, सौरव दास ने कहा कि मंत्री ने मांगों पर उचित स्तर पर चर्चा का भरोसा दिया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *