राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाएं अन्यथा जीरो प्रोग्रेस देने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नरने सभी अधिकारियों को हिदायत दी की वे बैठक से पूर्व सभी जानकारी लेकर और पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित रहें।

अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करें
कमिश्नर ने मंगलवार को संभागीय समय सीमा की बैठक में खनिज अधिकारी को निर्देश दिए कि वह बेला और उसके आसपास हो रहे अवैध खनिज उत्खनन की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। जहाँ अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही हैं या अवैध उत्खनन की गतिविधियां संचालित होना पाई जा रही हैं वहां पर खनिज,राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करें। प्रायः रात्रि में अवैध खनिज उत्खनन की गतिविधियां ज्यादा होती है, अतः उड़न दस्ता दल को सक्रिय करते हुए कार्य योजना बनाकर कार्रवाई करें।

मेंटेनेंस व्यवस्था में सुधार लाएं
बैठक में कमिश्नर ने बारिश के दौरान शहर में चारों ओर हो रही विद्युत ट्रिपिंग की घटनाओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह शहर में हो रही विद्युत ट्रिपिंग की घटनाओं पर रोक लगाएं और मेंटेनेंस व्यवस्था में पर्याप्त सुधार लाएं। जिला मुख्यालय और सब डिवीजन में विशेष तौर पर विद्युत ट्रिपिंग न हो। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य को निर्देश दिए कि संभाग के चिन्हित ब्लॉकों में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग के लिए शिविर आयोजित करें और चिन्हित पाए गए सिकल सेल एनीमिया के मरीजों का पर्याप्त उपचार कराना भी सुनिश्चित करें।
महिला की डिलीवरी घर पर न हो
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि वह गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप के लिए आयोजित किये जा रहे शिविरों की संख्या को बढ़ाएं। वर्तमान में चिन्हित स्थानों पर गर्भवती महिलाओं की जांच हेतु 106 शिवि्र आयोजित किए गए हैं। कमिश्नर ने सिंगरौली, सीधी एवं मैहर में शिविरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वह फील्ड में यह सुनिश्चित करें कि किसी भी गर्भवती महिला की डिलीवरी घर पर न हो।

UPSC और MPPSC की कक्षाएं शुरू
बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि तहसील में स्थित महाविद्यालयों में भी यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं प्रारंभ कराएं। अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि संभाग के 6 जिलों के एक-एक महाविद्यालयमें यूपीएससी और एमपीपीएससी की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल जल कनेक्शन योजना की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने पीएचई के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह प्रति सप्ताह नल जल योजना पूरीकरने के कार्य में तेजी लाएं।