कटंगी की श्रीमाता HP गैस एजेंसी पर कार्रवाई,मिली अनियमितताएं - rashtrmat.com

कटंगी की श्रीमाता HP गैस एजेंसी पर कार्रवाई,मिली अनियमितताएं

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)। कटंगी जाम स्थित श्री माता एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में गैस सिलेंडरों के स्टॉक में भारी अनियमितताएं पाई गई हैं। आपूर्ति विभाग ने जांच के बाद एजेंसी के प्रोपराइटर महेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

61 खाली सिलेंडर अधिक मिले

यह कार्रवाई कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर की गई। जिला आपूर्ति अधिकारी एस.के. भलावी ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की थी। इस टीम ने मंगलवार को कटंगी के ग्राम जाम स्थित श्री माता एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों के स्टॉक और अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडरों में 211 खाली सिलेंडर अधिक और 243 भरे सिलेंडर कम पाए गए। इसी तरह, 5 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडरों में 61 खाली सिलेंडर अधिक मिले।

व्यावसायिक में 11 खाली सिलेंडर अधिक

इसके अतिरिक्त, 19 किलोग्राम के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में 3 खाली सिलेंडर अधिक और 5 भरे सिलेंडर कम पाए गए। वहीं, 5 किलोग्राम के व्यावसायिक गैस सिलेंडरों में 11 खाली सिलेंडर अधिक और 114 भरे सिलेंडर कम होने की पुष्टि हुई। जांच दल में सहायक आपूर्ति अधिकारी पी.एस. वलाडी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश श्रीवास्तव, श्रीमती निहारिका अवस्थी और तुषार सिंह (कटंगी) शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *