कई जिलों के मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार - rashtrmat.com

कई जिलों के मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

 राष्ट्रमत न्यूज,भुवनेश्वर(ब्यूरो)। भुवनेश्वर कमिश्नरेट पुलिस की विशेष टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंदिरों में हो रही सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देवी-देवताओं के सोने-चांदी के आभूषण, 15 चांदी के मुकुट और नकदी बरामद की गई है। यहां आयोजित पत्रकार सम्मेलन पुलिस कमिश्नर एस देवदत्त सिंह एवं कटक डीसीपी खिलारी ऋषिकेश द्यानदेव ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी कई मंदिर चोरी मामलों में शामिल रहे हैं।

आभूषण तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी 

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि चौद्वार थाना क्षेत्र के भैरापुर गांव स्थित श्रीरामचंद्र मंदिर में 18 और 19 जुलाई की  रात अज्ञात बदमाशों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के सोने-चांदी के आभूषण तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर चौद्वार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

चोरी के दो चांदी के मुकुट बरामद 

मामले की जांच के लिए गठित विशेष टीम को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध मुंडमाल चौक के पास चोरी किए गए चांदी के मुकुट बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के दो चांदी के मुकुट बरामद हुए।

कई मंदिरों में चोरी की वारदातों में शामिल 

पूछताछ में आरोपियों ने भैरापुर के श्रीरामचंद्र मंदिर, मंगला मंदिर तथा नुआगांव स्थित मां बरसा बौदंगा मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा उन्होंने बड़ासमंतरापुर के सात मंदिरों, बेल्दा के ठाकुराणी मंदिर, 42 मौजा थाना क्षेत्र के दो मंदिरों तथा टांगी और चंद्रशेखरपुर थाना क्षेत्रों के कई मंदिरों में चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी दी।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चरबाटिया रेलवे स्टेशन के निकट छिपाकर रखे गए चोरी के सामान को बरामद कर लिया। बरामद सामान में तीन सोने की आंखें, तीन सोने के चिता, तीन यू आकार के सोने के आभूषण, 15 चांदी के मुकुट, छह चांदी के हार, तीन जोड़ी चांदी की पादुकाएं, दो माथामणि, एक चांदी की पायल तथा 19,100 रुपये नकद शामिल हैं।