अवैध संबंध के शक में मुंहबोले जीजा ने BJP कार्यकर्ता के सिर में मारी गोली - rashtrmat.com

अवैध संबंध के शक में मुंहबोले जीजा ने BJP कार्यकर्ता के सिर में मारी गोली

 राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)।नर्मदापुरम में अवैध संबंधों का शक इंसान को किस हद तक अंधा बना सकता है, इसका एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला नर्मदापुरम के सोहागपुर से सामने आया है। यहां भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता और राजपूत ढाबा के संचालक सचिन राजपूत की उनके ही मुंहबोले जीजा ने सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की वजह बेहद सनसनीखेज है, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और सचिन के बीच अवैध संबंध थे। इसी शंका की आग में जल रहे जीजा ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

 बाइक पर ले जाकर सिर में उतार दी गोली

बीते दिन सीहोर निवासी आरोपी विवेक गुर्जर करीब 80 किलोमीटर दूर से महुआ गांव स्थित सचिन के ढाबे पर पहुंचा। वहां उसने बकायदा सचिन के पैर छुए, विश्वास जीता और फिर उसे बाइक पर बैठाकर सुनसान रानी पिपरिया नहर की पुलिया पर ले गया। वहां मौका पाते ही विवेक ने सचिन के सिर में देसी कट्टा उतार दिया और फरार हो गया। ​जब सचिनघर नहीं लौटा, तो पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रात 3 बजे उसकी खून से लथपथ लाश बरामद की।

10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा

सुबह होते ही इस अंधे कत्ल की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित समर्थकों ने सोहागपुर में चक्काजाम कर दिया। माहौल बिगड़ता देख एसपी साईं कृष्णा थोटा खुद मोर्चे पर उतरे। ​पुलिस ने केवल 24 घंटे के भीतर जाल बिछाकर हत्यारे जीजा को दबोच लिया। सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल इनपुट की मदद से आरोपी को बेनकाब किया गया। उसके पास से कत्ल में इस्तेमाल 20 हजार की पिस्टल और बाइक बरामद कर ली गई है। पैर छूकर मौत के घाट उतारने वाले इस शातिर जीजा की करतूत ने सबको सन्न कर दिया है। एसपी साई कृष्णा ने टीम को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की है।

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

एसपी नर्मदापुरम साई कृष्णा ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया, ‘थाना सोहागपुर में बिल्कुल सुबह-सुबह हमको एक सूचना मिली कि नहर के पास एक व्यक्ति कि मृत्यू हुई है और उसके सिर में एक गोली का निशान मिला और आस-पास एक खोखा भी मिला। विवेचना के दौरान ज्ञात हुआ कि जो मृतक है उसको एक व्यक्ति रात में मोटरसाइकिल पर बिठाकर ले गया था, ये सीसीटीवी के माध्यम से पता चला है। आगे की जांच में ये सिद्ध हुआ कि आरोपी का विवेक गुर्जर है जिसकी शादी मृतक के गांव की लड़की से हुई है। उसे रात में शंका हुई कि मृतक के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं और इसके बाद वो शख्स को मोटरसाइकिल पर ले गया और नहर किनारे ले जाकर उसके सिर में गोली मारकर हत्या की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *