
Thousands of pakistani live bjp ruled states-thakre
मुंबई (ब्यूरो)। उद्धव ठाकरे ने अपने अखबार सामना में लिखे हैं कि भाजपा शासित राज्यों में हजारों पाकिस्तानी रह रहे हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार तक समय दिया था कि जिस राज्य में पाकिस्तानी नागरिक हैं वो भारत छोड़ दें। सामना में लिखा गया है कि अभी तक सरकार ने नहीं बताया कि किस राज्य में कितने पाकिस्तानी नागरिक अभी रह रहे हैं। और कितनों ने भारत छोड़ दिया है। उन्होंने अपने पत्र में राज्यवार पाकिस्तानी नागरिकों के आंकड़ों का भी उल्लेख किया है। यदि सामना की बात को सच मान लिया जाए तो केन्द्र सरकार ने पहलगाम हिंसा के बाद भी सबक नहीं लिया है। अभी तक सरकार की ओर से ऐसा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है जिससे यह लगे कि अब भारत में पाकिस्तानी नागरिक नहीं रह सकते।
बांग्लादेशी और पाकिस्तानी में वृद्धि
शिवसेना (यूबीटी) ने सोमवार को देश में हजारों पाकिस्तानियों की मौजूदगी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। शिवसेना ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासनकाल में देश में बांग्लादेशी और पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या में वृद्धि हुई है। अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी शिवसेना ने कहा कि केंद्र ने हाल ही में उन्हें देश से बाहर निकालने का मिशन शुरू किया है।
वह अपनी नींद से जागी है
सामना के संपादकीय में कहा गया है, “पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार स्तब्ध है। वह राजनीति खेलने में व्यस्त थी और अब जब आतंकी हमला हुआ है, तो वह अपनी नींद से जागी है। लेकिन जिन राज्यों में भाजपा शासन करती है, वहां हजारों पाकिस्तानी पाए गए हैं। इसका साफ मतलब है कि वे सालों तक गहरी नींद में रहे।”
सामना ने दावा किया कि महाराष्ट्र में 5,000 से ज्यादा, राजस्थान में 30,000, दिल्ली में 5,000, छत्तीसगढ़ में 2000 और मध्यप्रदेश में 228 पाकिस्तानी नागरिक हैं। महाराष्ट्र में रह रहे 5,023 पाकिस्तानियों में से 2,458 नागपुर में पाए गए। नागपुर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह नगर है और यहीं पर RSSका मुख्यालय है।
देश की सुरक्षा खतरे में
सामना में लिखा गया है, “अगर पुलिस के पास नागपुर में 30 पाकिस्तानियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है, तो न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश की सुरक्षा खतरे में है। मुख्य सवाल यह है कि पाकिस्तान जैसे दुश्मन देश के लोग भारत के हर कोने में अवैध रूप से कैसे रह सकते हैं। वे कहां से आते हैं? फिर, सरकार को पहलगाम हमले के बाद ही इन लोगों की याद कैसे आई? क्या सरकार के पास इसका जवाब है? भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में फल और सब्जी विक्रेता, कपड़ा व्यापारी और मुस्लिम छात्र जैसे छोटे व्यापारियों को पाकिस्तानी होने का आरोप लगाकर परेशान किया जा रहा है।”
हजारों पाकिस्तानी भारत में
सामना में आगे लिखा गया कि भाजपा शासित राज्यों में मुसलमानों को परेशान करने का मिशन शुरू किया गया है और यही वजह है कि पाकिस्तानी घुसपैठियों का मुख्य मुद्दा बना हुआ है और कुछ और शुरू हो गया है। इसमें आगे लिखा गया, “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तय की गई पाकिस्तानी नागरिकों को देश से बाहर निकालने की समयसीमा रविवार को खत्म हो गई। समयसीमा खत्म होने के बाद भी हजारों पाकिस्तानी भारत में रह रहे हैं। यह कदम उचित है। हालांकि, सरकार ने पहलगाम के होने का इंतजार क्यों किया? आम लोग यह सवाल पूछ रहे हैं और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। समयसीमा खत्म होने के बाद भी यह खुलासा नहीं किया जा रहा है कि कितने पाकिस्तानियों को वापस भेजा गया है और कितने अभी भी देश में हैं।” संपादकीय में केंद्रीय गृह मंत्रालय और खुफिया विभाग से सालों से अवैध रूप से भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों पर सवाल उठाए गए हैं।