मऊगंज विधायक के सरकारी आवास में चोरी,लैपटॉप-नकदी ले गए चोर - rashtrmat.com

मऊगंज विधायक के सरकारी आवास में चोरी,लैपटॉप-नकदी ले गए चोर

राष्ट्रमत न्यूज भोपाल(ब्यूरो)।भोपाल में मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आई है। चोर विधायक के पीए का लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव और अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। घटना भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र की है। चोरी 7 जून को हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी में शामिल होने की आशंका

विधायक के पीए डॉ. रामानंद पटेल ने पुलिस को बताया कि वे 7 जून को मऊगंज से भोपाल आए थे। वह विधायक के रेस्ट हाउस के खंड-3 के कमरा नंबर-74 में ठहरे हुए थे। वहीं ये घटना हुई। पुलिस को शुरुआती जांच में अंदर के ही किसी व्यक्ति के चोरी में शामिल होने की आशंका लग रही है।

लैपटॉप में विधानसभा के जरूरी दस्तावेज

पीए ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे वे कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर पानी लेने गए। इसके बाद वे अपने साथी के कमरा नंबर-39 में बैठकर बातचीत करने लगे।करीब दो घंटे बाद जब वे दोपहर 12:30 बजे कमरे में लौटे तो उनका लैपटॉप गायब था। लैपटॉप की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। कमरे की अलमारी का ताला भी टूटा मिला।अलमारी में रखे बैग से पेन ड्राइव, दो एटीएम कार्ड, नकदी, टाइटन/टाइमेक्स की घड़ी और विधानसभा से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी चोरी हो गए।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

पीए ने बताया कि लैपटॉप और पेन ड्राइव में विधानसभा से जुड़ा जरूरी डेटा भी था। वहीं चोरी के बाद पुलिस की काम करने के तरीके पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर दिन के समय ऐसी कालॉनी जहां विधायकों के आवास हैं वहां चोरी कैसे हो गई।मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। डॉग स्कॉड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *