मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर बीजेपी ने लगाई आपत्ति - rashtrmat.com

मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पर बीजेपी ने लगाई आपत्ति

राष्ट्रमत न्यूज भोपाल(ब्यूरो)।राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर भाजपा ने आपत्ति दर्ज कराई है। भाजपा ने रिटर्निंग अफसर के समक्ष शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन फार्म में तेलंगाना की एक कोर्ट में चल रहे मामले की जानकारी छिपाई है।

नामांकन पत्र निरस्त किया जाए

भाजपा ने मांग की है कि उनका नामांकन पत्र निरस्त किया जाए। इस बीच रिटर्निंग ऑफिसर ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा है जो शाम तक बताया जाएगा।बीजेपी के एडवोकेट संकेत गुप्ता ने बताया कि कोई भी हो सुप्रीम कोर्ट कहता है कि उस अपराध की जानकारी आपको अपने शपथ पत्र में देना चाहिए। यह चुनाव आयोग की गाइडलाइन है। हमने आपत्ति दर्ज कराई है। रिटर्निंग ऑफिसर ने शाम साढ़े पांच बजे का समय दिया है।

केवल कोर्ट से एक नोटिस मिला

इससे पहले मामले को लेकर विधानसभा परिसर में राजनीतिक हलचल तेज हुई। रिटर्निंग अफसर के कक्ष में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यहां लगातार हंगामा होता रहा। बीजेपी की ओर से वरिष्ठ नेताओं द्वारा लगातार हंगामा किया किया।विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा की आपत्ति को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है, बल्कि उन्हें केवल कोर्ट से एक नोटिस मिला है।

हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया के पहुंचने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में जाने को लेकर एक बार हंगामा हो गया। नारेबाजी और शोर शराबे के बीच विधायकों ने रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष में जाने का प्रयास किया जिसे पुलिस और विधानसभा के सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *