जीतू पटवारी दो कौड़ी का अध्यक्ष,CM यादव,हम प्रदर्शन नहीं करेंगे-जीतू - rashtrmat.com

जीतू पटवारी दो कौड़ी का अध्यक्ष,CM यादव,हम प्रदर्शन नहीं करेंगे-जीतू

राष्ट्रमत न्यूज,भोपाल(ब्यूरो)। प्रदेश में कोई चुनाव नहीं है। लेकिन मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को दो कौड़ी का अध्यक्ष और टपोरी लाल कहकर प्रदेश की सियासत में खलबली मचा दिये। वहीं दिग्विजय सिंह ने कहा कि माफी मांगें। जबकि जीतू पटवारी का कहना है कि हम गांधीवादी हैं कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहली बार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखी टिप्पणी की है। जाहिर है कि उनके बयान से अब सत्ता पक्ष विपक्ष पर ज्यादा तीखे हमले करने अब उतारू हो जाएगा।
गांधीवादी विचारधारा में विश्वास
मुख्यमंत्री द्वारा जीतू पटवारी को ‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ और ‘रद्दी अध्यक्ष’ कहे जाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी, लेकिन इस राजनीतिक टकराव के बीच जीतू पटवारी ने अपने कार्यकर्ताओं को अलग संदेश दिया है।उन्होंने स्पष्ट कहा है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ किसी भी प्रकार का पुतला दहन नहीं किया जाएगा।उनका कहना है कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा में विश्वास करती है और घृणा का जवाब घृणा से नहीं दिया जा सकता ।पटवारी का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश के कई हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के बयान के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे।
प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया
‘दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष’ और ‘रद्दी अध्यक्ष’ वाले बयान से उठे विवाद ने प्रदेश की राजनीति को गर्मा दिया है ।एक ओर मुख्यमंत्री मोहन यादव कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर लगातार हमलावर हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस इसे पद की गरिमा के खिलाफ भाषा बता रही है।पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी मुख्यमंत्री के बयान की आलोचना की है। हालांकि इस राजनीतिक संघर्ष के बीच जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की अपील कर एक अलग रणनीतिक संदेश दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस विवाद को व्यक्तिगत हमले के बजाय वैचारिक संघर्ष के रूप में पेश करने की कोशिश कर रही है।
सतना के बयान से शुरू हुआ पूरा विवाद
राजनीतिक विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब सतना में आयोजित कांग्रेस के युवा संवाद कार्यक्रम में जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर तंज कसते हुए उन्हें ‘मोहन लाल अभिनंदन यादव’ कहा. उन्होंने यह भी कहा था कि मुख्यमंत्री की विदाई का समय नजदीक है और उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *