पहली बार कलेक्टर SP पिल्लूर में ग्रामीणों से किया संवाद - rashtrmat.com

पहली बार कलेक्टर SP पिल्लूर में ग्रामीणों से किया संवाद

 राष्ट्रमत न्यूज बीजापुर(ब्यूरो)। नेशनल पार्क क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल ग्रामों तक शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर विश्वदीप एवं पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्राम पील्लूर का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच जनचौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
जरूरी निर्देश भी दिए गए
01 नवंबर को आयोजित जनचौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों को खेती-किसानी, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही क्षेत्र में स्कूल खोलने की पहल और किसानों को धान बिक्री के लिए पटवारी के माध्यम से पंजीयन कराने की जानकारी दी। मौके पर मौजूद पटवारी को ग्रामीणों की आवश्यक सुविधाओं के लिए जरूरी निर्देश भी दिए गए।
कानून व्यवस्था मजबूत करना प्राथमिकता है

वहीं पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने ग्रामीणों को ग्राम पील्लूर में स्वीकृत नवीन थाने को जल्द प्रारंभ करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत करना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इस दौरान बस्तर फाइटर्स आरक्षक भर्ती के जारी विज्ञापन के संबंध में भी ग्रामीण युवाओं को जानकारी दी गई।

बच्चों को बांटे गुब्बारे, बिस्किट और चॉकलेट

जनचौपाल के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के बीच गुब्बारे, बिस्किट और चॉकलेट वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। कार्यक्रम में पील्लूर के जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत बड़े काकलेर के सरपंच एवं पंचगण ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत किया।

सुरक्षा कैम्पों का भी किया निरीक्षण

ग्राम भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा कैम्प कांडलापर्ती-2 एवं पील्लूर का निरीक्षण किया। उन्होंने कैम्पों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स राहुल बंसल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े, एसडीएम भोपालपटनम भूपेन्द्र गावड़े, तहसीलदार भोपालपटनम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रशासन एवं पुलिस की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करना तथा सुरक्षा और विकास के माध्यम से प्रशासन एवं ग्रामीणों के बीच विश्वास को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *