राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)।खुटेही स्थित क्षमा होटल में सूजी और केमिकल से मिल्क केक पकड़ा गया। शहर में कई मिष्ठान दुकानों में दीपावली के चलते नकली मिठाइयां बनाकर बेची जा रही है। इस पर रोक लगाने खाद्य विभाग सक्रिय है। आज संजय नगर मोड़ स्थित राजवाड़ा स्वीट्स में मोबाइल लैब के माध्यम से मिठाइयों के सेम्पल की मौके पर ही जांच की गई। खाद्य विभाग की टीम ने जब दुकान में निर्मित छेना रसगुल्ला की जांच की तो उसमें स्टार्च मैदा अथवा अरारोट की मिलावट पाई गई।

रसगुल्ले का रंग काला पड़ गया
आगामी दीपावली त्योहार के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत सघन जांच कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर नरेंद्र कुमारसूर्यवंशी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम क्षेत्र के मिष्ठान विक्रेताओं के यहाँ लगातार निरीक्षण और जांच की जा रही है। इसी क्रम में रीवा शहर में राजवाड़ा स्वीट्स के छेने में केमिकल डालते ही रसगुल्ले का रंग काला पड़ गया। रंग बदलते ही रसगुल्ले में अमानक सामग्री और मिलावट की पुष्टि हो गई।
मिलावटखोरों की खैर नहीं
मिलावट की पुष्टि होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा सामग्री को जब्त कर संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध ;खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियम अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान त्योहारों की आड़ में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।