बाघ के नाखून की तस्करी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार,बाघ का कंकाल मिला - rashtrmat.com

बाघ के नाखून की तस्करी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार,बाघ का कंकाल मिला

राष्ट्रमतन्यूज,बालाघाट(ब्यूरो) । वन परिक्षेत्र उकवा अंतर्गत बाघ के नाखून की तस्करी मामले में फरार आरोपी सतीश भलावी निवासी ग्राम मैरा को पकड़कर जेल भेजा दिया गया है। पूछताछ में उसने ना सिर्फ बाघ के नाखून की तस्करी का राज खोला,बल्कि उनकी निशानदेही पर दफनाये गये बाघ के शव का कंकाल भी बरामद किया है। अब तक इस प्रकरण में तीन आरोपीयों को जेल भेजा जा चुका है। वहीं व्यापारी को नाखून बेचने वाला फंडकी मोहगांव निवासी आरोपी किशोर उर्फ नंदकिशोर पटले अब भी फरार हैं।

13 अक्टूबर को पकड़ाए थे दो आरोपी।
बाध के 13 नग नाखून मिले थे
वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रियंका मरकाम के नेतृत्व वाली टीम ने विगत 12 अक्टूबर को छपरवाही ग्राम पर अमरूटोला रोड के पास बाघ के नाखून की तस्करी करने वाले 04 व्यक्तियों में दो लोगों को पकड़ा था। वहीं दो लोग फरार हो गये थे। वे लोग बाघ के नाखूनों को बेचने के लिए व्यापारी का इंतजार कर रहे थे। वन विभाग की टीम ने आरोपी महेंद्र मडावी और महेंद्र राऊत के पास से बाघ के 13नग नाखून बरामद किया था।


मरे बाघ से 18 नाखून निकाले
सतीश ने वन विभाग को यह भी बताया कि चार साल पहले मैरा के जंगल में बाघ के नाखून मिले थे। उसने प्रकरण का खुलासा करते हुए बताया कि चार साल पहले वह अपनी पत्नी के साथ जंगल गया हुआ था। जहां उन्हे एक बाघ का नष्ट शरीर दिखाई दिया। जहां उसने 18 नाखून निकाल लिए और उसे घर में रख दिया था। सतीश के निशानदेही पर वन अमला मैरा के जंगल में नाखून वाली जगह पर पहुंचे और फिर खुदाई शुरू की। जहां खुदाई के दौरान बाघ के कंकाल के कुछ अवशेष मिले। कंकाल का बिसरा फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा कि कंकाल बाघ का है या नहीं। फरार आरोपी नंदकिशोर पटले की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *