राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। मध्यप्रदेश शासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 अक्टूबर की देर रात करीब 10 बजे बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम का तबादला कर दिया। महज 72 दिनों के भीतर उनका बालाघाट से स्थानांतरण किया गया है। उनके स्थान पर 2014 बैच के आईएएस अधिकारी आदित्य सिंह को बालाघाट जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं कुमार सत्यम को हरदा जिले का कलेक्टर बनाया गया है।
सत्यम का हरदा तबादला
जानकारी के अनुसार कुमार सत्यम ने करीब 72 दिन पहले ही बालाघाट कलेक्टर के रूप में पदभार संभाला था। इतने कम समय में उनका स्थानांतरण होने और जिले को नया कलेक्टर मिलने से यह प्रशासनिक बदलाव चर्चा का विषय बन गया है। नवनियुक्त कलेक्टर आदित्य सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के मध्यप्रदेश कैडर के अधिकारी हैं। बालाघाट में उनके सामने शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आदिवासी अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में बालाघाट जिले के आदिवासी क्षेत्रों में 32 से अधिक बच्चों की मौतों का मामला प्रमुखता से सामने आया है। इस मुद्दे को लेकर स्वास्थ्य और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे हैं। ऐसे समय में जिले के प्रशासनिक नेतृत्व में हुए बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।आईआईटी रुड़की से की है इंजीनियरिंग 8 मार्च 1990 को जन्मे आदित्य सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2014 बैच के अधिकारी हैं और मध्यप्रदेश कैडर में कार्यरत हैं। उन्होंने आईआईटी रुड़की से पेपर टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग की स्नातक डिग्री प्राप्त की है। अपने प्रशासनिक सेवाकाल के दौरान वे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बालाघाट कलेक्टर बनाए जाने से पहले आदित्य सिंह भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में संचालक के पद पर कार्यरत थे। अब राज्य शासन ने उन्हें बालाघाट जिले की कमान सौंपी है। आदित्य सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद बालाघाट जिले का प्रशासनिक कामकाज नए नेतृत्व में आगे बढ़ेगा। वहीं बालाघाट से स्थानांतरित कुमार सत्यम अब हरदा जिले की कमान संभालेंगे।