सड़क निर्माण की गुणवत्ता की खुली पोल, उखड़ने लगी सड़क
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। जिले के बैगा बाहुल्य इलाके देवरबेली से मलकुआ तक निर्मित सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। काफी जद्दोजहद के बाद बरसात से पहले पूरा हुआ सड़क निर्माण कार्य अब अपनी बदहाली बयां कर रहा है। आरोप यह लग रहे है कि घटिया और गुणवत्ता विहीन निर्माण के चलते अब वर्तमान मे सड़क उखड़ने लगी है।
सेफ्टी वॉल भी कई जगह से धंस गई
वहीं घाट वाले हिस्से में बनाई गई सेफ्टी वॉल भी कई जगह से धंस चुकी है। इससे मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। हालात ऐसे हैं कि यदि क्षतिग्रस्त सेफ्टीवाल की तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। घाट के खतरनाक हिस्से में सुरक्षा दीवार का धंसना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल खड़े करता है।ग्रामीणों और राहगीरों के लिए यह मार्ग अब सुरक्षित आवागमन के बजाय दुर्घटना का खतरा बनता जा रहा है।
निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
गौरतलब है कि नक्सल हिंसा प्रभावित रहे इस इलाके में सड़क निर्माण कार्य पहले ही काफी विलंब से पूरा हुआ। जानकारी के अनुसार, संबंधित ठेकेदार को वर्ष 2018 में ही कार्यादेश जारी किया गया था, लेकिन निर्माण पूरा होने में लंबा समय लग गया। अब सड़क बनकर तैयार हुई तो सड़क की हालत देखकर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जरूरत है कि संबंधित विभाग तत्काल स्थल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराए और निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर जिम्मेदारी तय करे, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें।