राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट(ब्यूरो)।बालाघाट जिले के भरवेली थाना क्षेत्र के मानेगांव में सत्यनाम ट्रेडर्स से 44 बोरी पीडीएस का फोर्टिफाइड चावल जब्त किया गया है।राजस्व और खाद्य विभाग की टीम को जांच में पता चला कि इसमें 14 बोरी चावल बहुउद्देशीय शक्तिपुंज उचित मूल्य दुकान से भेजा गया था, जबकि करीब 30 बोरी हितग्राहियों से खरीदा गया था।मामले में ट्रेडर्स संचालक, उचित मूल्य दुकान के विक्रेता और सहविक्रेता की भूमिका सामने आई है। खाद्य विभाग ने आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा है।

30 बोरी चावल हितग्राहियों से खरीदा
शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार मंजुला महोबिया, सहायक आपूर्ति अधिकारी पहलसिंह वलाडी और भरवेली थाना प्रभारी भूपेन्द्र पंद्रो की टीम ने मानेगांव स्थित सत्यनाम ट्रेडर्स की जांच की। यहां से 44 बोरी फोर्टिफाइड पीडीएस चावल बरामद किया गया।जांच में सामने आया कि 14 बोरी चावल बहुउद्देशीय शक्तिपुंज उचित मूल्य दुकान से भेजा गया था। वहीं, करीब 30 बोरी चावल हितग्राहियों से खरीदा गया था।
पीडीएस चावल की अवैध बिक्री
जांच के मुताबिक, सत्यनाम ट्रेडर्स के संचालक रविन्द्र लिल्हारे, उचित मूल्य दुकान के विक्रेता और प्रबंधक उदेलाल गौतम और सहविक्रेता योगेश जैतवार की पीडीएस चावल की अवैध बिक्री-खरीदी में भूमिका सामने आई है। खाद्य विभाग ने पूरे मामले का प्रतिवेदन आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजा है।

गेहूं कहां बेचा गया, अभी नहीं पता
सहायक आपूर्ति अधिकारी पहलसिंह वलाडी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सोसायटी में 4 क्विंटल 78 किलोग्राम चावल और करीब 2 क्विंटल 79 किलोग्राम गेहूं कम मिला। चावल जब्त कर लिया गया है, लेकिन गेहूं कहां बेचा गया, इसका पता अभी नहीं चला है।