महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति के घर चोरी,चोरों ने खरीदी गाड़ियां - rashtrmat.com

महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति के घर चोरी,चोरों ने खरीदी गाड़ियां

राष्ट्रमत न्यूज,मुंबई(ब्यूरो)। महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहीर के वर्ली स्थित घर में 2.65 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने अहीर के घर पिछले 24 वर्षों से काम कर रहे प्रवीण रमेश सोलंकी (45) को गिरफ्तार किया है। उसे मुंबई की किला कोर्ट में मुख्य मेट्रोपोलिटिन मजिस्ट्रेट के सामने गुरुवार को पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 30 जुलाई तक क्राइम ब्रांच की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।

चोरी के बाद आपस में बांटे पैसे और सोना
आरोपी की ओर से पैरवी कर रहे एडवोकेट अजय दुबे ने अदालत में दावा किया कि उनके मुवक्किल ने चोरी नहीं की है, बल्कि इस केस में फरार आरोपियों ने यह चोरी की है। दुबे के अनुसार, प्रवीण  सोलंकी को इस केस में झूठा फंसाया गया है। वहीं मुंबई क्राइम ब्रांच का कहना है कि सोलंकी ने पूछताछ में चोरी के सामान को बेचने और रकम साथियों में बांटने की बात स्वीकार की है।

रौशन के मार्गदर्शन में जांच शुरू
पूरे मामले की जांच सचिन अहीर की मुंबई पुलिस कमिश्नर को लिखे शिकायती पत्र के बाद शुरू हुई। शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच के डीसीपी राज तिलक रौशन के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक योगेश खैरावकर ने अदालत को बताया कि मामले के शिकायतकर्ता सचिन अहीर के बेटे कृष्णा सचिन अहीर हैं, जो वर्ली सी फेस स्थित गुलरुख बिल्डिंग में परिवार के साथ रहते हैं।

आरोपियों ने बनाया नया घर
मामले का खुलासा तब हुआ, जब 16 जुलाई को परिवार के एक परिचित ने सूचना दी कि घर में काम करने वाले दो अन्य कर्मचारी सतीश कुमार मिस्त्री और अमितकुमार रामबच्चन प्रसाद कम वेतन के बावजूद झारखंड स्थित अपने गांव में नया मकान, नई गाड़ियां और अन्य संपत्तियां खरीद चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने रिश्तेदारों के खातों में भी लाखों रुपये ट्रांसफर किए हैं।