चार माह से त्योंथर सिविल अस्पताल की एक्सरे मशीन है खराब - rashtrmat.com

चार माह से त्योंथर सिविल अस्पताल की एक्सरे मशीन है खराब

राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने त्यौंथर नगर परिषद में आयोजित जन विश्वास शिविर में भाग लेने के साथ विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सिविल अस्पताल त्यौंथर का निरीक्षण करते हुए कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर करें। सभी डॉक्टर और चिकित्साकर्मीसमय पर अस्पताल में उपस्थित होकर रोगियों का उपचार करें।

एक्सरे मशीन को दो दिन में सुधारें

एसडीएम तथा अन्य खण्ड स्तरीय अधिकारीप्रतिदिन अस्पताल का निरीक्षण करके इसके संबंध में रिपोर्ट देंगे। अस्पताल की चार माह से खराब एक्सरे मशीन को दो दिन में सुधार कर पुन: स्थापित कराएं। ऐसी स्थिति सहन नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, पैथालॉजी कक्ष, गर्भवती महिलाओं की जाँच कक्ष, स्टोर तथा आभा आईडी कार्ड सेंटर का निरीक्षण किया।

भवन हैण्डओवर करने के निर्देश दिए

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की व्यवस्थित जानकारी रखने तथा दवा वितरण की अच्छी व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की पीठ थपथपाई।इसके बाद कलेक्टर ने सांदीपनि विद्यालय त्यौंथर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित पीआईयू के अधिकारियों तथा ठेकेदार को विद्यालय भवन का शेष निर्माण कार्य एक माह में पूरा कराकर भवन हैण्डओवर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने दूसरी और तीसरी मंजिल में समुचित सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। मौके पर उपस्थित डीपीसी राजेश तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों को पुस्तकों तथा गणवेश का वितरण किया जा चुका है।

आवश्यक कार्यवाही के निर्देश

कलेक्टर ने कुछ शिक्षकों के राजनैतिक गतिविधियों में लिप्त होने की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय प्रभारी एसडीएम पारसनाथ मिश्रा, तहसीलदार राजेश तिवारी, सीएमएचओ डॉ. सुधाकर पाण्डेय, डीपीओ महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *