*हत्या का आरोप लगाकर चार दोस्तों की गिरफ्तारी की मांग
*शरीर पर चोट के निशान और कपड़े न होने पर उठाए सवाल
राष्ट्रमत न्यूज,रीवा(ब्यूरो)। सिलपरा नहर में डूबने से जान गंवाने वाले नाबालिग जुड़वा भाई अंशु सेन और प्रांशु सेन की मौत पर परिजनों ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतक जुड़वा भाइयों के शरीर पर चोट के निशान है। शरीर में उनके कपड़े नहीं है। परिजनों का कहना है कि चारों देास्तों को गिरफ्तार किया जाए। परिजनों ने दोनों भाइयों की शव रखकर प्रदर्शन किया।

हादसा मानने को तेयार नहीं परिजन
अंशू और प्रांशु के शव का पोस्टमार्टम के बाद शव मेडिकल कालेज के सामने रखकर परिजन धरने पर बैठ गए। परिजनों ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक सभी को अभिरक्षा में लिया जाए।

दोस्तों ने हादसे को अंजाम दिया
परिजनों का आरोप है कि घटना के समय अंशु और प्रांशु के साथ मौजूद चार दोस्तों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। उनका कहना है कि दोनों बच्चों के शरीर पर चोट के निशान थे और शवों पर कपड़े भी नहीं थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे
धरने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक इंतजार करने का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद परिजनों ने शव को पुनः मर्चुरी में रखवा दिया है और सुबह तक पीएम रिपोर्ट आने का इंतजार करेंगे।

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
फिलहाल बिछिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं, दोनों मासूम भाइयों की मौत से आक्रोशित परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही दोनों बच्चों की मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।