ITI के दो प्रशिक्षार्थी राज्य में टॉपर रहे,बालाघाट का नाम रौशन किया - rashtrmat.com

ITI के दो प्रशिक्षार्थी राज्य में टॉपर रहे,बालाघाट का नाम रौशन किया

राष्ट्रमत न्यूज,बालाघा(ब्यूरो)। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) बालाघाट में शनिवार, 21 नवंबर को कौशल दीक्षांत समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर संस्था के 15 व्यवसायों के 49 उत्कृष्ट प्रशिक्षणार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। समारोह में बालाघाट आईटीआई के लिए विशेष गौरव का क्षण तब आया, जब संस्था के दो प्रशिक्षणार्थियों ने राज्य स्तर पर टॉपर बनकर जिले का नाम रोशन किया। मेसन व्यवसाय की प्रशिक्षणार्थी कु. नंदिनी बम्बूरे तथा स्वीईंग टेक्नोलॉजी व्यवसाय के प्रशिक्षणार्थी श्री आदिल खान ने यह उपलब्धि हासिल की। दोनों को समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली प्रशिक्षण अधिकारी सुश्री राखी मोटवानी एवं अंजुम परवीन को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण
कार्यक्रम के प्रथम चरण में संस्था स्तर पर समारोह आयोजित किया गया। इसके बाद लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया। राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आईआईटी और आईटीआई के विद्यार्थियों को समान महत्व एवं सम्मान देने की बात कही।   उन्होंने भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने का आह्वान भी किया। मुख्य अतिथि सांसद ने प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बालाघाट जैसे जिले से दो प्रशिक्षणार्थियों का राज्य स्तर पर टॉपर बनना गर्व और प्रसन्नता का विषय है। यह संस्था के प्रशिक्षण अधिकारियों के समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और परिश्रम का परिणाम है।   संस्था की प्राचार्य श्रीमती सपना रहांगडाले ने संस्था की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि आईटीआई बालाघाट में 15 इंजीनियरिंग एवं नॉन इंजीनियरिंग व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्था का प्रयास है कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *