राष्ट्रमत न्यूज,बालाघाट (ब्यूरो)। बालाघाट में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश संयुक्त सचिव मनोज पमनानी के साथ दूध डेयरी के सामने निवासरत झुग्गीवासियों ने कलेक्टर गेट परसोमवार को तालाबंदी आंदोलन किया।उन्होंने मकान हटाने के लिए 8 माह का समय देने और दंडात्मक नोटिसों को रद्द करने की मांग की। इस दौरान शांति भंग करने की आशंका पर पुलिस AAP नेता मनोज पमनानी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।

अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई
तालाबंदी आंदोलन की सूचना मिलने पर एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने AAP प्रतिनिधि और रहवासियों से चर्चा कर कलेक्टर गेट खुलवाया, जिसके बाद लोग कार्यालय पहुंचे।प्रशासनिक अधिकारियों ने इस मामले में आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद कोई निर्णय लिया जाएगा। इससे संकेत मिल रहा है कि अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई फिलहाल रुक सकती है।
8 माह का अतिरिक्त समय देना है
यह कार्रवाई तहसील भवन के निर्माण और उसकी बाउंड्रीवाल व गेट बनाने के लिए की जा रही है। प्रशासन दशकों से नजूल भूमि पर रह रहे इन लोगों को हटाना चाहता है। प्रशासन का कहना है कि विस्थापन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नगरपालिका ने आवास मेला भी लगाया था, लेकिन रहवासी प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर गंभीर नहीं हैं।वहीं, रहवासियों का कहना है कि अगर उनके पास इतना पैसा होता तो वे यहां क्यों रहते। उनकी मुख्य मांग केवल प्रशासन द्वारा दी गई समयावधि को रद्द कर 8 माह का अतिरिक्त समय देना है।